रांची. 81 विधानसभा सीटों वाले झारखंड के विधानसभा चुनाव में 15 दलबदलू नेता भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें 11 वर्तमान और 4 पूर्व विधायक शामिल हैं। दलबदल कर सबसे ज्यादा 5 नेता भाजपा में और इतने ही आजसू में पहुंचे हैं। पार्टी छोड़ने वालों में भी सर्वाधिक 5 भाजपाई हैं। झामुमो छोड़कर 4 नेता अन्य दलों से चुनाव लड़ रहे हैं, तो 3 अन्य दलों से आकर झामुमो की टिकट पा गए हैं। कांग्रेस छोड़कर भले ही 3 नेता गए हों, लेकिन पार्टी में कोई दलबदलू आकर टिकट नहीं ले पाया है।
चुनाव में अपने वर्चस्व को कायम रखने की लड़ाई में सबसे ज्यादा झामुमो और कांग्रेस के नेताओं ने दल बदला। 2014 के विस चुनाव में भी 17 ऐसे प्रत्याशी थे, जिन्होंने चुनाव से ठीक पहले अपना पाला बदला था और जीते भी थे। वहीं, 2019 विस चुनाव को लेकर भी पार्टियों में भगदड़ की स्थिति है। पार्टी बदलने वालों में ज्यादातर टिकट कटने से नाराज थे। इसमें राधाकृष्ण किशोर, फूलचंद मंडल, विष्णु प्रसाद भैया जैसे कई वर्तमान विधायक शामिल हैं।
इस बार फिर बदली पार्टी
इस बार पार्टी बदलने वाले कुछ नेता ऐसे भी हैं, जिन्होंने 2014 के विस चुनाव में भी पाला बदला था। इनमें राधाकृष्ण किशोर जो पहले कांग्रेस से भाजपा और अब आजसू में हैं। फूलचंद मंडल पहले झाविमो से भाजपा में गए और अब झामुमो का दामन थाम लिया है।
उम्मीदवार | विधानसभा क्षेत्र | किस दल में थे | किस दल में गए |
कुणाल षाडंगी (विधायक) | बहरागोड़ा | झामुमो | भाजपा |
जेपी पटेल (विधायक) | मांडु | झामुमो | भाजपा |
सुखदेव भगत (विधायक) | लोहरदगा | कांग्रेस | भाजपा |
मनोज यादव (विधायक) | बरही | कांग्रेस | भाजपा |
भानु प्रताप शाही (विधायक) | भवनाथपुर | नवजवान सघर्ष मोर्चा | भाजपा |
राधाकृष्ण किशोर (विधायक) | छतरपुर | भाजपा | आजसू |
विष्णु प्रसाद भैया (विधायक) | जामताड़ा | भाजपा | आजसू |
अकील अख्तर (पूर्व विधायक) | पाकुड़ | झामुमो | आजसू |
प्रदीप बलमुचू (पूर्व विधायक) | घाटशिला | कांग्रेस | आजसू |
आबो देवी (पूर्व मंत्री) | झरिया | राजद | आजसू |
वैद्यनाथ राम (पूर्व मंत्री) | लातेहार | भाजपा | झामुमो |
फूलचद मंडल (विधायक) | सिंदरी | भाजपा | झामुमो |
विकास मुंडा (विधायक) | तमाड़ | आजसू | झामुमो |
शशिभूषण सामाड ( विधायक) | चक्रधरपुर | झामुमो | झाविमो |
सरयू राय (मंत्री) | जमशेदपुर पश्चिमी | भाजपा | निर्दलीय |