विस चुनाव / सरयू राय के समर्थन में जदयू नहीं देगा प्रत्याशी: ललन सिंह

रांची.  जदयू के वरिष्ठ नेता एवं सांसद नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि जदयू सरयू राय के भ्रष्टाचार की लड़ाई में उनके साथ है। पार्टी ने यह तय किया है कि उनके समर्थन में जमशेदपुर पूर्वी से प्रत्याशी नहीं देगी। यह बातें ललन सिंह ने मंगलवार को रांची प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।


उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यहां की सरकार कैसे काम कर रही है और भ्रष्टाचार की क्या स्थित है। यह अब कहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरयू राय की तारिफ करनी होगी कि सरकार में रहते हुए भी वे हमेशा आवाज गलत कार्यों के विरूद्ध आवाज उठाते रहे। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि वे लोग भी चाहें कि नीतीश कुमार उनके पक्ष में प्रचार करने आएं। अगर सरयू राय ईच्छा जाहिर करते हैं तो निश्चित ही नीतीश कुमार आएंगे।


ललन सिंह ने कहा कि झारखंड गठन के बाद भी सारे संसाधन यहां आ गए मगर इसके बाद भी यहां का आपेक्षित विकास नहीं हुआ जबकि बिहार उन्नति की राह पर नीतीश कुमार के नेतृत्व में बढ़ता रहा। िबहार में एक यूनिट भी बिजली उत्पादन नहीं है, इसके बाद भी जनता को 22 घंटे बिजली मिल रही है। जिन योजनओं को नीतीश कुमार ने बहुत पहले बिहार में शुरू किया, उसे अब केंद्र सरकार एडॉब्ट कर रही है। बिहार में सीमित संसाधन होने के बाद भी नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की बयार बहायी। इसलिए वे लोग कहते हैं कि अब झारखंड का विकास भी नीतीश मॉडल के तहत ही होगा। उन्होंने कहा कि इस चुनाव को पार्टी पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। इस मौके पर पार्टी नेता लालचंद महतो, श्रवण कुमार, प्रवीण सिंह समेत कई उपस्थित थे।